पलामू, 15 मई।
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदरी गांव में ससुराल आए 32 वर्षीय साबिर अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से मामला तूल पकड़ गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जाता है कि कुंदरी इलाके में युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। गुरुवार सुबह परिजन उसे इलाज के लिए लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद स्थिति बिगड़ने पर उसे रांची रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन पोलपोल के पास ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने इस मामले में पत्नी और उसके बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और आपसी संबंधों से जुड़ा विवाद कारण हो सकता है।
शुक्रवार सुबह शव का परीक्षण मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। इस बीच पुलिस पूरे मामले की कई स्तरों पर जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।
जानकारी के अनुसार साबिर अंसारी मंगलवार को बाहर मजदूरी करने के बाद घर लौटा था और बुधवार को वह अपने ससुराल गया था। मृतक के मौसेरे भाई सद्दाम हुसैन ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और उसके बहनोई इदरीश अंसारी इस घटना में शामिल हैं।
परिजनों का यह भी कहना है कि पत्नी और बहनोई के बीच अवैध संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे यह घटना जुड़ी हो सकती है।
इधर यह भी बताया गया है कि साबिर अंसारी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। हालांकि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र चार और छह वर्ष बताई गई है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मारपीट कर हत्या के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक ने मौत से पहले किसी प्रकार की मारपीट या हमले की जानकारी पुलिस या परिजनों को नहीं दी थी, फिर भी लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।















