हमीरपुर, 15 मई।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मौदहा ब्लॉक के फत्तेपुरवा गांव निवासी राम बिहारी (40) पुत्र सुखुआ, टिकरी बुजुर्ग गांव निवासी रामबहोरी (48) पुत्र बोडा और समीर वर्मा (20) पुत्र रामबहोरी एक ही बाइक से गुरुवार देर रात कपसा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राम बिहारी और समीर वर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौदहा क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी आरके पांडे ने बताया कि अज्ञात लोडर की टक्कर से यह हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।














