मेरठ, 13 मार्च।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह स्पेशल टास्क फोर्स की कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। वह अलीगढ़ विश्वविद्यालय के शिक्षक हत्याकांड में फरार चल रहा था और लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसटीएफ को बुधवार तड़के लोहियानगर क्षेत्र के अलीपुर इलाके में जुबैर की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की गई। इस दौरान जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य पाया गया, जिसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती समेत 24 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई गोलीबारी में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से एक बाइक, 32 बोर की दो पिस्टल, बड़ी संख्या में खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि जुबैर पर 24 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ के सिविल लाइन क्षेत्र में एएमयू शिक्षक राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था, जिसके बाद से वह फरार था। उसके खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज थे।




.jpg)




.jpg)


.jpg)
