अपराध
11 May, 2026

आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, छह सटोरिए दबोचे

जयपुर में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे छह सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लैपटॉप, मोबाइल और सट्टे से जुड़ी सामग्री बरामद की है।

जयपुर, 11 मई।

आईपीएल-2026 मैचों के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। करणी विहार थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम पश्चिम की संयुक्त टीम ने एक फ्लैट में संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सट्टे से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार आईपीएल मुकाबलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच सूचना मिली कि धावास क्षेत्र स्थित श्री बालाजी हाईट्स मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के फ्लैट नंबर-105 में अवैध रूप से क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च वारंट हासिल कर फ्लैट पर दबिश दी।

मौके पर आरोपित राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल टी-20 मुकाबले पर ऑनलाइन दांव लगवाते मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमन्त आचार्य, नवीन आचार्य, पवन आसवानी, सन्नी खटवानी, हीरा सिंह और संजय शेरा को गिरफ्तार किया। सभी आरोपित जोधपुर के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित मोबाइल फोन और जूम एप्लीकेशन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर अंकों के हिसाब से रकम लगवा रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लैपटॉप, 21 मोबाइल फोन, सात नोटबुक और सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच तेज कर दी गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़