गौरझामर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को चिरई गांव के घने जंगल में पेड़ से लटका एक लगभग 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत चार से पांच दिन पुरानी होने के कारण काफी सड़-गल चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव का एक ग्रामीण मवेशी चराने जंगल की ओर गया था, तभी उसने पेड़ पर फंदे से लटका शव देखा। इस दृश्य से घबराकर उसने तुरंत गांव और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंची।
शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में पिछले कुछ दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसी केसली थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेरी से एक युवक के लापता होने की रिपोर्ट मिली। यहां राकेश लोधी नामक युवक की गुमशुदगी दर्ज थी। हुलिया और कपड़ों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें मौके पर बुलाया। परिजनों ने मृतक की पहचान राकेश लोधी पुत्र बलराम लोधी, निवासी रामखेरी के रूप में की।
थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक रामखेरी से चिरई जंगल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। परिजनों और परिचितों से पूछताछ जारी है।




.jpg)





