लखनऊ, 13 अप्रैल।
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार को एक महिला मरीज की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि बंथरा के एक गांव निवासी अक्षय दीक्षित की पत्नी सीता दीक्षित (32) को एक दिन पहले रविवार को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह वह अस्पताल की चौथी मंजिल से गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
मृतका के अधिवक्ता भाई नीरज ने भी अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में यह सामने आया कि महिला सुबह के समय वार्ड से बाहर निकलकर सीढ़ियों की ओर गई थी, लेकिन वह चौथी मंजिल से नीचे कैसे गिरी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)