लखनऊ, 13 अप्रैल।
लखनऊ में सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन भवन परिसर में 517 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का भविष्य वर्तमान पीढ़ी पर निर्भर करता है, इसलिए विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक ढांचे और भवन की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किया गया यह प्रयास एक आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसे माध्यमिक और बेसिक शिक्षा व्यवस्था में अपनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भवन निर्माण में कुल 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत आई है, जिसमें 4 करोड़ 70 लाख रुपये सरकार द्वारा प्रदान किए गए, जबकि शेष राशि सीएसआर और राज्यपाल के प्रयासों से जुटाई गई। उन्होंने कहा कि जो दिखाई देता है, वही समाज में प्रभाव डालता है, इसलिए गुणवत्तापूर्ण ढांचे से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलती है। बेहतर भवन विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करने में सहायक होते हैं और यहां खेल एवं अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय वैज्ञानिक परंपरा का उल्लेख करते हुए आर्यभट्ट, वराहमिहिर, सुश्रुत, चरक, जगदीश चंद्र बसु और सी.वी. रमन जैसे महान वैज्ञानिकों के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन वैज्ञानिकों ने गणित, खगोल, चिकित्सा, जीव विज्ञान और प्रकाश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर भारतीय ज्ञान परंपरा को विश्व स्तर पर स्थापित किया।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)