लखनऊ, 13 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से नोएडा में चल रही कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। उनके साथ अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश भी मौजूद रहे। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि उपद्रव भड़काने वाले तत्वों की पहचान कर ली गई है और बाहरी व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि गौतमबुद्ध नगर में वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन सोमवार सुबह से जारी रहा। सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो, सूरजपुर, नॉलेज पार्क, दादरी और ईकोटेक-प्रथम सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए और कई जगहों पर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया।
स्थिति के दौरान श्रमिकों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर टकराव देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने उग्र होकर पुलिस बल पर पथराव किया, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ जगहों पर पुलिस जीप पलटने की घटनाएं भी सामने आईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
मदरसन कंपनी के आसपास प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आगजनी की और कुछ फैक्ट्री परिसरों में तोड़फोड़ की गई। प्रशासन के अनुसार पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)