जयपुर, 11 मई।
जयपुर दक्षिण जिला पुलिस की ओर से साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन म्यूल हंटर” अभियान के तहत शिप्रापथ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित बैंक खाते उपलब्ध कराकर देशभर में सक्रिय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंक दस्तावेज, नकदी और एक लग्जरी कार जब्त की है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान 28 वर्षीय अक्षय कुमार मीणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले के कुण्डेरा का निवासी है और वर्तमान में मुहाना क्षेत्र में रह रहा था। बताया गया है कि वह मुहाना थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। हाल के दिनों में अपहरण और मारपीट के एक मामले में भी वह फरार चल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से मिली चेकबुक और पासबुक से जुड़े खातों की जानकारी केंद्रीय साइबर पोर्टल 1930 पर खंगाली। पड़ताल में देश के विभिन्न राज्यों से इन खातों से जुड़ी 13 साइबर शिकायतें सामने आईं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि इन बैंक खातों के जरिए करीब पांच करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक शिप्रापथ थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से छह लाख रुपये नकद, 22 चेकबुक, चार पासबुक, अलग-अलग बैंकों के 16 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई वेन्यू कार बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपित साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये खाते किन लोगों से लिए गए और इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर गिरोहों से किस तरह जुड़े हैं। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है।



.jpg)

.jpg)






