चांपा, 05 मई।
जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जगदीश प्रजापति के रूप में हुई है, जो 29 अप्रैल को अपनी पत्नी दिव्या और डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने खरखोद गांव आया था। घटना की रात वह शराब के नशे में पत्नी और बच्चे के साथ विवाद करने लगा और इस दौरान कथित तौर पर बच्चे पर पैर रख दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
परिजनों के समझाने के बावजूद स्थिति शांत नहीं हुई और बाद में वह घर छोड़कर गांव में ही कहीं और जाकर सो गया। अगले दिन सुबह जब उसकी तलाश की गई तो वह नहीं मिला, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी खोज में जुट गए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
करीब तीन दिन बाद 3 मई को गांव के एक मकान के पीछे दीवार के पास उसका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। शव में सड़न के संकेत मिलने से हत्या की आशंका प्रबल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पामगढ़ थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने देसाई कुम्हार निवासी खरखोद और रामनारायण प्रजापति निवासी ठाकुरदेवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गला दबाकर तथा डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट कर जगदीश प्रजापति की हत्या की थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद 5 मई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
