सिरसा, 1 मई।
नाथूसरी चोपटा कस्बा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गांव कैरांवाली निवासी एक राजमिस्त्री ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और राजमिस्त्री का काम करता था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि सतनाम गांव के मंदिर के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई और उसे अस्पताल ले जाया गया।
इसी बीच जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की गई है।
पहले मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गांव रोड़ी क्षेत्र में गश्त पर थी, जहां एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। पुलिस वाहन को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन जांच के दौरान उसके पास से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई में गांव रघुआना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक सवार एक व्यक्ति को रोका, जो पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। पीछा कर उसे पकड़ा गया और तलाशी में उसके पास से साढ़े आठ ग्राम हेरोइन मिली।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।









