मुंबई, 06 मई।
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टी-2 परिसर से जुड़े अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में बुधवार शाम आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद स्टेशन परिसर में धुआं तेजी से फैल गया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार आग लगते ही सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करा दिया। धुएं के कारण अंडरग्राउंड स्टेशन में दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते राहत कार्य में दमकलकर्मियों को विशेष उपकरणों का सहारा लेना पड़ा।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आग मेट्रो स्टेशन के तकनीकी कक्ष में लगी थी, हालांकि इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की वजह से मेट्रो की एक्वा लाइन-3 पर आरे जेवीएलआर से कफ परेड के बीच सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस घटना को मामूली बताया है और कहा है कि स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा जांच और तकनीकी निरीक्षण शुरू कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे की पुनरावृत्ति न हो।
गौरतलब है कि इससे पहले 9 अप्रैल को भी इसी एयरपोर्ट परिसर के टर्मिनल-1 में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पावर हाउस क्षेत्र प्रभावित हुआ था। उस समय भी शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना गया था और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया था।









.jpg)



