भोपाल, 22 अप्रैल
भोपाल में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। इस क्रम में बुधवार को निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरकर इस प्रक्रिया में भाग लिया।
श्रीमती जैन ने जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को यह निर्देश दिए कि पहले चरण के सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अच्छे और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए।
यह प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित हो रही है, जिसमें जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों ने निगम आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें फॉर्म भरने का अनुरोध किया। इस पर श्रीमती जैन ने इसे स्वीकार करते हुए स्वयं फॉर्म भरा।
इस मौके पर श्रीमती जैन ने स्व-गणना प्रक्रिया और पोर्टल पर पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को व्यवस्थित, सरल और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।











