भोपाल, 08 जुलाई।
भोपाल में मेट्रो निर्माण से प्रभावित सड़कों की जल्द मरम्मत कराकर आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमन्तु और अर्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बुधवार को मंत्रालय में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मेट्रो परियोजना से प्रभावित मार्गों के पुनर्निर्माण और मजबूतीकरण को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीआरएम से एम्स, आईटीआई से रत्नागिरी तिराहा, डीआरएम रोड और अलकापुरी मार्ग की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरने और मरम्मत कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों व जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी समस्याओं का तय समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आईटीआई से रत्नागिरी मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए वर्तमान अनुबंधित ठेकेदार के माध्यम से आवश्यक सुधार कार्य कराने को कहा। साथ ही भविष्य में सड़क निर्माण से जुड़े एस्टीमेट तैयार करते समय सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण के दौरान हटाई गई स्ट्रीट लाइट्स को दोबारा स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय नागरिकों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने के लिए भी कहा। राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अधोसंरचना विकास जरूरी है, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
















