भोपाल, 14 मई।
प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नरेला विधानसभा क्षेत्र के द्वारका नगर स्थित प्राचीन बावड़ी की स्वच्छता के लिए श्रमदान किया तथा स्वच्छता मित्रों को किट वितरित कर उनका सम्मान करते हुए उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि जल जीवन का मूल आधार है और मौजूदा समय में जल स्रोतों का संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश में जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बावड़ी, कुएँ, तालाब और सरोवर जैसी परंपरागत जल संरचनाएँ हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हर नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।

इसके बाद मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के चांदबड़ में संपर्क अभियान के अंतर्गत विद्युत सेवाओं से संबंधित शिविर का शुभारंभ भी किया। इस शिविर में कनेक्शन, बिलिंग, तकनीकी सेवाओं के साथ-साथ मीटर और केबल संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब जनता तक स्वयं पहुँचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रही है और बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
मंत्री ने बताया कि संपर्क अभियान के तहत हर माह विभिन्न क्षेत्रों में आठ विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इन शिविरों में आमजन को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर 24 घंटे के भीतर समाधान पाने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







.jpg)




