शिमला, 14 मई।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री के बचत अभियान की सराहना करते हुए कहा है कि इस पहल को निरंतर जारी रखा जाना चाहिए और इससे होने वाली बचत की राशि का उपयोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे लोगों के कल्याण में किया जाना चाहिए।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि देश में आज भी बड़ी संख्या में लोग गरीबी, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता से जूझ रहे हैं। एक ओर समृद्धि का विस्तार दिखाई देता है, वहीं दूसरी ओर गरीब वर्ग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है और आत्महत्याओं के मामले भी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से बचत बढ़ाने की अपील के बाद देश में सकारात्मक माहौल बना है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा भी अधिक बचत की दिशा में की गई पहल का उन्होंने स्वागत किया।
शांता कुमार के अनुसार इस बचत अभियान से देश में बड़ी मात्रा में धनराशि एकत्र होगी, जिसे गरीब और जरूरतमंद लोगों के उत्थान में लगाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को इसके आधार पर शीघ्र नई कल्याणकारी योजनाएं तैयार करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहना चाहिए जब तक देश का हर गरीब आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सक्षम न हो जाए।
इसी अवसर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को मिल रहे जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल और हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता यह दर्शाती है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण के प्रति जनता का भरोसा बढ़ रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और वर्ष 2027 के लिए प्रदेश में भाजपा सरकार के पक्ष में जनता का मन पहले से ही बन चुका है।














