पिथौरागढ़, 14 मई।
प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान के अनुरूप जिला प्रशासन ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में प्रत्येक सप्ताह एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ लागू करने का निर्णय लिया है। इसी पहल के तहत नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से ‘हैलो हेल्प’ नामक टोल-फ्री सेवा भी शुरू की जाएगी, जिसका शुभारंभ 15 मई से किया जाएगा।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा बचत को प्रोत्साहित करना, ईंधन की खपत को कम करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए निर्धारित दिन अधिक से अधिक पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि दैनिक आदतों में छोटे परिवर्तन भी बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण में सहायक हो सकते हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार ‘हैलो हेल्प’ सेवा के माध्यम से दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के नागरिक घर बैठे फोन के जरिए अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे लोगों को छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को समय, धन और अनावश्यक यात्रा से राहत मिलेगी। यह व्यवस्था प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने में सहायक होगी, साथ ही वाहनों की आवाजाही कम होने से ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस सेवा की नियमित निगरानी की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर समाधान की प्रगति की समीक्षा भी समय-समय पर की जाएगी, ताकि लोगों को त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराई जा सके।




.jpg)









