पटना, 13 मई।
प्रधानमंत्री की अपील के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को जनता से डीजल और पेट्रोल की बचत के उद्देश्य से वाहनों के कम से कम उपयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से ईंधन संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया है।
इस संबंध में सरकार स्तर पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने कारकेड में वाहनों की संख्या को घटाकर न्यूनतम रखने का निर्णय लिया है, जिससे अनावश्यक ईंधन व्यय पर रोक लग सके।
इसके साथ ही मंत्रीगण, निगम और बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्य, सभी अधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में अतिरिक्त वाहनों के उपयोग से बचें और सीमित साधनों के साथ ही पहुंचें।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मेट्रो, बस, ऑटो तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग का आग्रह किया है, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सके और ईंधन की बचत हो।
साथ ही राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि सभी प्रकार की बैठकें और सरकारी सम्मेलनों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, जिससे अनावश्यक यात्रा से बचा जा सके।
इसके अतिरिक्त सरकारी कार्यालयों में संचालित कैंटीन में पाम तेल के न्यूनतम उपयोग के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही सरकारी एवं निजी कार्यालयों में घर से कार्य व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की सलाह दी गई है।
सप्ताह में एक दिन सभी नागरिकों से वाहन रहित दिवस मनाने का भी आग्रह किया गया है, ताकि ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।









.jpg)


.jpg)

