मुंबई, 09 अप्रैल।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक स्थित एक आईटी कंपनी में सामने आए धर्म परिवर्तन के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की पड़ताल के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है और जांच प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
नासिक जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप कर्णिक के अनुसार, शहर की एक बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी में आठ महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़ और एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों को लेकर देवलाली और मुंबई नाका थानों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं और पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जांच में जुटे अधिकारियों ने बताया कि पीड़िताएं और आरोपित वर्ष 2022 से मुंबई नाका थाना क्षेत्र में संचालित इस कंपनी में विभिन्न पदों पर कार्यरत थे। कार्यस्थल पर आरोपितों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था और वे हिंदू धर्म के खिलाफ टिप्पणी भी करते थे। एक पीड़िता के धर्म परिवर्तन कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस ने शिकायतों के आधार पर आठ छेड़छाड़, एक यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रकरण दर्ज किए हैं। इस मामले में दानिश शेख, तौसीफ अत्तर, निदा खान, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी और शफी शेख को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी को पुणे से और अन्य पांच को नासिक के विभिन्न क्षेत्रों से पकड़ा गया है।
फिलहाल सभी मामलों की गहन जांच जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की हर पहलू से पड़ताल कर रही है।










.jpg)

