काठमांडू, 08 मई
नेपाल की सेना ने चीन सीमा से सटे मुस्तांग जिले के जोमसोम क्षेत्र में आज से दो दिवसीय “हाई एल्टीट्यूड सर्च एंड रेस्क्यू” अभ्यास की शुरुआत की है। सेना के अनुसार इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होने वाले जोखिमों तथा दुर्घटनाओं को कम करना और ऐसे क्षेत्रों में खोज एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
इस अभ्यास में 55 से अधिक सैनिकों की भागीदारी हो रही है। इसमें मुस्तांग और मनांग जिलों के भैरवी दल गुल्म की चार टुकड़ियां, इन्द्र बक्स गण तथा मिलिट्री हाई स्कूल कैसांग के प्रशिक्षु शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यह अभ्यास उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आपातकालीन स्थितियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करने के लिए आयोजित किया गया है।
इन्द्र बक्स गण के प्रमुख ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सेना की तकनीकी दक्षता और संचालन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना है, ताकि कठिन हिमालयी इलाकों में बचाव कार्यों को तेजी से और प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान ग्लेशियर, पहाड़ी खाइयों और हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों तथा ट्रेकर्स के बचाव के तरीके सिखाए जा रहे हैं। पहले दिन प्रतिभागियों को गण मुख्यालय के पास स्थित एक ऊंची चट्टानी पहाड़ी पर रस्सियों के सहारे मॉडल रॉक क्लाइम्बिंग का अभ्यास कराया गया।
शनिवार को घरपझोंग क्षेत्र में स्थित मिलिट्री हाई स्कूल के पास लगभग चार हजार मीटर की ऊंचाई पर विशेष ग्लेशियर रेस्क्यू अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस अवसर पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की 33वीं बटालियन और जिला प्रहरी कार्यालय मुस्तांग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।






.jpg)

.jpg)

