बाड़मेर, 07 मई।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ का मामला सामने आया है। बीती रात एक पाकिस्तानी युवक अवैध रूप से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते हुए लगभग आठ किलोमीटर अंदर तक पहुंच गया।
सूचना मिलने पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सरूपे का तला क्षेत्र स्थित अशोका पोस्ट के पास उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान पाकिस्तान के मीठी शहर निवासी आवेश (26) पुत्र हजूर खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं।
घुसपैठ की जानकारी मिलते ही सीमा सुरक्षा बल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और सीमा से सटे लगभग दस किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, हालांकि एजेंसियां इस बात की जांच में जुटी हैं कि उसका भारत में प्रवेश किसी विशेष उद्देश्य से हुआ था या नहीं।
करीब एक माह पूर्व इसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा मामला सामने आया था, जिसमें सीमा पार से नशीला पदार्थ भारतीय क्षेत्र में पहुंचाया गया था। उस घटना के बाद से सीमा क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है।
वर्तमान घटना को गंभीरता से लेते हुए सीमा सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं, ताकि घुसपैठ के पीछे की वास्तविक मंशा का पता लगाया जा सके।











.jpg)
