भोपाल, 15 मई।
पदभार ग्रहण करने के बाद शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी तथा इसके लिए बीट और माइक्रो बीट व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाकर पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बीट सिस्टम को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, ताकि पुलिस की पहुंच आमजन तक तेजी से हो सके और क्षेत्रीय स्तर पर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि माइक्रो बीट व्यवस्था के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीट अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
नवागत अधिकारी ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था मिल सके।
इस अवसर पर अवधेश गोस्वामी ने पदभार सौंपते हुए शैलेन्द्र सिंह चौहान को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






.jpg)








