अपराध
11 Apr, 2026

यमुनानगर में फायरिंग केस में पुलिस मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार

यमुनानगर में पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर फायरिंग मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक घायल हुआ और हथियार भी बरामद किए गए।

यमुनानगर, 11 अप्रैल

जिले में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूरी घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल दो युवक रादौर क्षेत्र के कांजनू गांव के पास नहर किनारे मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी और दोनों को पकड़ने की रणनीति बनाई।

घेराबंदी के दौरान संदिग्धों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें हर्ष नामक आरोपी घायल हो गया और अभिषेक नामक दूसरे आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपी कुरुक्षेत्र जिले के सुनहेड़ी खालसा गांव के रहने वाले बताए गए हैं और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी अमन के सहयोगी हैं।

मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच लगभग 14 से 15 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी एक गोली लगने की पुष्टि हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

उल्लेखनीय है कि 30 मार्च की रात जठलाना क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री पर तीन युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें मौके से आठ कारतूस बरामद हुए थे।

इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी अमन अस्पताल में उपचाराधीन है, जो पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास में घायल हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरी वारदात के पीछे किसी आपराधिक गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश लगातार जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़