वाराणसी, 09 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र में दर्ज कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में फरार मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। गुरुवार को इंटरपोल ने उसके विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया, जिससे उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुभम जायसवाल इस मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है। वह रोहनिया थाने में दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पहले इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया गया था, जिस पर अब कार्रवाई करते हुए यह नोटिस जारी कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया में केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से इंटरपोल तक मामला पहुंचाया गया और अब नोटिस जारी होने के बाद संबंधित देश की पुलिस उसे पकड़ सकती है। इसके बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत भारत लाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद शुभम जायसवाल को दुबई से भारत लाकर संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











.jpg)

