सीवान, 13 मई।
सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र के चांद चुनरिया गांव में नेवता देने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में गहरा शोक फैल गया। मृतक की पहचान सीवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र के पड़ौली चनुआ गांव निवासी धनंजय राय के रूप में हुई है, जो मनोज राय का पुत्र था।
परिजनों के अनुसार धनंजय राय अपने दो साथियों के साथ बाइक से एक रिश्तेदार के यहां नेवता देने के लिए मशरख थाना क्षेत्र के चांद चुनरिया गांव गया था।
बताया गया कि गांव पहुंचने से पहले तीनों ने रास्ते में रुककर ताड़ी का सेवन किया था। इसके बाद वे नेवता कार्यक्रम के लिए चांद चुनरिया गांव पहुंचे। परिजनों का कहना है कि कुछ ही देर बाद धनंजय की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह कुर्सी से गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को लेकर लकड़ीनबीगंज थाना पहुंचे।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग की है। उनका आरोप है कि द्वार पूजा से पहले किसी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।









.jpg)


.jpg)

