सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरिया-तरवारा मुख्य मार्ग पर सफी छपरा गांव के पास बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूल बस चालक की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान चैन छपरा गांव निवासी जहीरुल अली, पिता शहाबुद्दीन अली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जहीरुल अली तीन भेड़िया स्थित आरसीएच पब्लिक स्कूल की बस चलाते थे और रोज की तरह बुधवार सुबह भी बच्चों को लाने के लिए बस लेकर घर से निकले थे।
बताया गया कि सफी छपरा गांव के पास किसी काम से उन्होंने बस सड़क किनारे खड़ी की और सड़क पार करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




.jpg)




.jpg)


.jpg)
