शिमला, 13 मई।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक टेलीकॉम कंपनी के नेटवर्क ढांचे को बड़ा झटका लगा है, जहां चोरों ने रात के अंधेरे में गैस कटर की मदद से लोहे के करीब 70 पोल काटकर चोरी कर लिए। इस वारदात से कंपनी को लगभग 9.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रामपुर उपमंडल के तकलेच क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने वाले रूट पर पहले केबल को निशाना बनाया गया और उसके बाद लोहे के एच-पोल गायब पाए गए। कई स्थानों पर पोल गैस वेल्डिंग से काटे जाने के संकेत मिले हैं, जिससे पूरे नेटवर्क की व्यवस्था प्रभावित हुई है।
कंपनी की शिकायत के अनुसार, 5 और 6 मई की रात के बीच करीब 70 पोल अलग-अलग स्थानों से चोरी हो गए। सड़क निर्माण कार्य के चलते कुछ हिस्सों में केबल को पोल की बजाय पेड़ों के सहारे लगाया गया था, जिससे यह इलाका और अधिक संवेदनशील हो गया।
एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट मैनेजर बाबू सिंह देशवाल ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर केवल दो कटे हुए पोल मिले, जबकि पूरी जांच के बाद बड़े पैमाने पर चोरी का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान बहली क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, जिसमें 6 मई की रात एक बोलेरो कैंपर वाहन संदिग्ध रूप से इलाके की ओर जाता हुआ दिखाई दिया है। इसी आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी शिमला में ऐसी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की सामग्री चोरी होने के मामले शामिल रहे हैं।






.jpg)


.jpg)


