पटना, 13 अप्रैल।
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सत्ता समीकरणों के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लगभग एक घंटे तक महत्वपूर्ण चर्चा की।
बैठक के बाद ललन सिंह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे, जहां एक और अहम बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाह भी मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में संभावित नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री वही होगा जिसे नीतीश कुमार का समर्थन प्राप्त होगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
निशांत कुमार के संभावित मंत्रिमंडल प्रवेश को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे एक प्रमुख चेहरा हैं और उन्हें सरकार में शामिल किए जाने की इच्छा कई लोगों की है, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही करेंगे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, लगातार हो रही बैठकों और बयानों ने राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलों को और मजबूत कर दिया है। आने वाले दिनों में सरकार गठन की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।


.jpg)

.jpg)
_(1).jpg)

.jpg)





