पूर्वी सिंहभूम, 13 अप्रैल।
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है और करीब 50 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बहरागोड़ा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक टाटा पंच कार को संदिग्ध मानकर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 25 पैकेट में रखा लगभग 50 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के सोनारी झाबरी बस्ती निवासी भीम यादव और बिहार के भोजपुर निवासी के. राज कुमार पाल के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से दो मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा ओडिशा के चिल्का झील क्षेत्र से लाया गया था, जिसे जमशेदपुर और बिहार के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की योजना थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क एक संगठित गिरोह के जरिए संचालित हो रहा था, जिसमें और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीण पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ और बहरागोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)
.jpg)