नई दिल्ली, 07 मई।
हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार ने सकारात्मक रुख के साथ शुरुआत की और बाजार हरे निशान पर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में सौ अंकों से अधिक की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 24,350 के स्तर को पार कर गया, हालांकि कुछ समय बाद बिकवाली के दबाव के चलते बाजार में हल्की गिरावट का रुख देखने को मिला।
शुरुआती कारोबार में ट्रेंट और एसबीआई के शेयरों में मजबूती दर्ज की गई और ये शीर्ष लाभ में रहे। वर्तमान स्थिति में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 55.95 अंकों की बढ़त के साथ 78,014.48 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 35.60 अंकों की वृद्धि के साथ 24,366.55 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा है।
कारोबार के दौरान ऑटो और मेटल सेक्टर ने बाजार को समर्थन देने का प्रयास किया, जबकि एफएमसीजी, निजी बैंक और रियल्टी सेक्टर पर दबाव देखा गया। वहीं आईटी, ऑटो और मीडिया सेक्टर के शेयरों में भी मजबूती का रुख बना रहा।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को भी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स में 941 अंकों की बढ़त दर्ज हुई और यह 77,959 के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी भी 298 अंकों की बढ़त के साथ 24,331 के स्तर पर बंद हुआ था।



.jpg)



.jpg)





