जींद, 29 अप्रैल
साइबर ठगों द्वारा सोलर फ्रेंचाइजी देने का लालच देकर एक दुकानदार से करीब तीन लाख तीस हजार रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव शामदो निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि वह गांव में किरयाणा की दुकान चलाता है। चार जनवरी को उसने सोशल मीडिया पर टाटा सोलर फ्रेंचाइजी से संबंधित एक विज्ञापन देखा, जिसके बाद उसने फ्रेंचाइजी लेने का मन बनाया और दिए गए एप के माध्यम से अपनी पूरी जानकारी भरकर भेज दी।
इसके बाद पांच जनवरी को उसके पास फोन आया, जिसमें खुद को टाटा सोलर मुंबई से बताया गया और उसकी रिक्वेस्ट पास होने की बात कही गई। साथ ही सिक्योरिटी के नाम पर 25 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया, जिसे उसने भेज दिया।
इसके बाद विभिन्न चरणों में उससे अलग-अलग बहानों से राशि वसूली गई। पहले 200 रुपये और फिर 45 हजार रुपये एग्रीमेंट के नाम पर लिए गए। इसके बाद सामान उपलब्ध कराने और ट्रेनिंग के नाम पर ढाई लाख रुपये की और मांग की गई, जिसे भी उसने आरोपितों के बताए खातों में भेज दिया।
बाद में 16 फरवरी को फिर फोन कर गाड़ी किराए के नाम पर 60 हजार रुपये मांगे गए और कहा गया कि यह राशि सामान पहुंचने के बाद लौटा दी जाएगी। लेकिन पैसे न होने की बात कहने पर आरोपितों ने फोन काट दिया।
इस पूरी प्रक्रिया में पीड़ित कुल तीन लाख 30 हजार 200 रुपये भेज चुका था। इसके बाद आरोपितों ने न तो उसका फोन उठाया और न ही कोई सामान भेजा, साथ ही राशि भी वापस नहीं की।
साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे ठगी नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।









.jpg)


