जोधपुर, 11 मई।
भोजासर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां पुलिस से बचकर भाग रहे तस्करों की कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे के बाद मौके से 60 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध वेन्यू कार दिखाई दी, जिस पर पीछा किया गया। इसी दौरान बांसवाड़ा नगर क्षेत्र के पास कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली, जिसमें से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।
भोजासर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अज्ञात तस्करों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा तलाश तेज कर दी गई है।











