जैसलमेर, 11 जून।
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आकाशवाणी जयपुर परिसर से जैसलमेर जिले के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट क्षमता के आकाशवाणी एफएम ट्रांसमीटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
नए ट्रांसमीटर के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में लगभग 80 किलोमीटर के दायरे में रेडियो प्रसारण उपलब्ध होगा, जिससे जैसलमेर जिले के करीब 20 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समाचार, शिक्षा, कृषि, जनकल्याण और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में कहा गया कि बदलते तकनीकी युग में रेडियो प्रसारण को अधिक प्रभावी और प्रासंगिक बनाए रखने के लिए डिजिटल फर्स्ट और हाइपर-लोकल दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है।
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रसार भारती के अधिकारियों को इस दिशा में विस्तृत रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए और स्थानीय कलाकारों व शिल्पकारों को प्रसारण व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने जयपुर में विकसित किए जा रहे एआई डेटा सेंटर का उल्लेख करते हुए इसे भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसे संस्थान आज भी समाज की जड़ों से जुड़े हुए हैं और विश्वसनीय सूचना के प्रमुख माध्यम बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रांसमीटर सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रसारण पहुंच को मजबूत करेगा और “कश्मीर से कच्छ” तक सूचना नेटवर्क को और सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर राजस्थान के ऊर्जा मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रसार भारती के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जैसलमेर सांसद ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।










