सुपौल, 12 जून।
सुपौल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसहा वार्ड संख्या 4 में छापेमारी कर 160 प्रतिबंधित सूई (इंजेक्शन) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुन्दन कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बसहा निवासी आरोपी गौशाला की आड़ में नशे से जुड़े अवैध कारोबार का संचालन कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान गौशाला में रखे एक प्लास्टिक थैले से 160 प्रतिबंधित सूई बरामद हुई, जिनका उपयोग नशे के इंजेक्शन के रूप में किए जाने की आशंका है। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस की भनक लगते ही आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे नशा नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।













