भोपाल, 11 जून।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 850 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक अवैध दोधारी तलवार बरामद की है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में बैरागढ़ स्थित चिरायु अस्पताल के पास से विशाल केसवानी उर्फ बद्दी और संजय राठौर उर्फ संजू को पकड़ा गया। इनके पास से लगभग 790 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में गांजा तस्करी का अवैध कारोबार चला रहे थे।
दूसरी कार्रवाई गांधी नगर स्थित हरी मजार के पास की गई, जहां शराफत अली, अमन खान और दीपेश यदुवंशी को गांजा बिक्री की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि अमन खान के पास से एक अवैध दोधारी तलवार भी मिली।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि अमन खान पर अलग से आर्म्स एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।











