नई दिल्ली, 16 जून।
संसद भवन के संविधान सदन में आयोजित 'विकसित भारत युवा संसद 2026' के मंच से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सारथी बताया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प युवाओं की नवाचार शक्ति और नेतृत्व के दम पर ही पूरा होगा।
ओम बिरला ने कहा कि विविध संस्कृतियों के बावजूद देश का लोकतंत्र निरंतर सशक्त हुआ है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्र की प्रगति के लिए जनभागीदारी का स्तर निरंतर बढ़ना आवश्यक है। युवा शक्ति को अपनी सोच और कार्यशैली में लोकतंत्र को आत्मसात करने की जरूरत है।
संसदीय कार्यवाही और नीतिगत चर्चाओं में युवाओं की सक्रियता को उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा हर साल आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से सीधे जोड़ता है। यह मंच युवाओं को एक नई दिशा प्रदान करता है, जिससे वे 'विकसित भारत 2047' के सफर में अपनी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित कर सकें।












