जोधपुर, 16 जून।
घासमंडी सिगरेट चोरी मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार नकबजन और चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को बीकानेर से पकड़कर मामले का खुलासा किया। आरोपियों ने एक होलसेल दुकान से करीब पांच लाख रुपये की सिगरेट चोरी की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी जोधपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक गेस्ट हाउस में कमरा लेकर ठहरे थे। चोरी की घटना के बाद सभी आरोपी वापस बीकानेर लौट गए। जांच के दौरान पुलिस को गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड से एक महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर पूरी गैंग तक पहुंचने में सफलता मिली।
सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम के अनुसार शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि घासमंडी क्षेत्र स्थित एक थोक दुकान में सेंध लगाकर आरोपियों ने तीन बैगों में बड़ी मात्रा में सिगरेट भर ली और फरार हो गए। पुलिस गश्त के गुजरने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। देर रात दुकान का शटर खुला देखकर एक राहगीर ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया। फुटेज में आरोपी रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना देकर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंची, जहां रजिस्टर की जांच में चार लोगों के ठहरने की जानकारी मिली। इनमें से एक आरोपी द्वारा जमा कराए गए आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर पहचान स्थापित की गई। इसी सुराग ने पुलिस को बीकानेर तक पहुंचाया और वहां से पूरी गैंग को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने फरमान उर्फ लक्की, पीयूष रावत, सोयल, करण और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया है। इनमें चार आरोपी चोरी की वारदात में शामिल थे, जबकि एक व्यक्ति चोरी का माल खरीदने वाला बताया गया है। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश भी कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और शौक पूरे करने के लिए चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई सिगरेट बेचकर उन्होंने नए कपड़े खरीदे और नशे सहित अन्य खर्चों पर रकम खर्च की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुछ नकदी और चोरी का काफी माल भी बरामद किया है।












