भोपाल, 16 जून।
प्रदेश के जेल विभाग में लंबे अंतराल के बाद बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत कई केंद्रीय जेल और जिला जेलों के अधीक्षकों के साथ-साथ 20 डिप्टी जेलरों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव को जेल प्रशासन में कार्यकुशलता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार मानवेन्द्र सिंह परिहार को भोपाल केंद्रीय जेल का नया अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं ग्वालियर केंद्रीय जेल में पदस्थ अधीक्षक विदित सरवैया का स्थानांतरण कर उन्हें शिवपुरी जिला जेल भेजा गया है।
हाल के दिनों में ग्वालियर केंद्रीय जेल से जुड़े कुछ विवादित वीडियो सामने आने के बाद यह तबादला चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में जेल परिसर के भीतर कथित रूप से नशे और आर्थिक लेन-देन से जुड़े दृश्य दिखाई देने की बात कही गई थी। इन घटनाओं के बाद प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा की जा रही थी।
अब राकेश भांगरे को ग्वालियर केंद्रीय जेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गोहद उपजेल में लंबे समय से पदस्थ डिप्टी जेलर हेम सरिता मिंज का तबादला ग्वालियर केंद्रीय जेल कर दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में गोहद उपजेल से पॉक्सो एक्ट के एक बंदी के फरार होने की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठे थे और विभागीय स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी।
इसी क्रम में दिनेश नरगावे को इंदौर केंद्रीय जेल का नया अधीक्षक बनाया गया है। वहीं पूर्व अधीक्षक अलका सोनकर को इंदौर से हटाकर जेल मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
जेल मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में अधीक्षकों के अलावा 20 डिप्टी जेलर स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण भी शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार इन बदलावों का उद्देश्य जेल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करना है।












