नई दिल्ली, 16 जून।
विकसित भारत युवा संसद 2026 के राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि देश के युवा केवल भविष्य की उम्मीद नहीं हैं, बल्कि वे वर्तमान चुनौतियों के समाधान का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक व्यापक संकल्प है।
संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का जनसांख्यिकीय लाभांश देश की सबसे बड़ी ताकत है और यही शक्ति राष्ट्र के विकास को नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यदि युवा एकजुट होकर संकल्प लें तो वे देश के सामने मौजूद हर चुनौती का प्रभावी समाधान खोज सकते हैं। उन्होंने युवाओं की क्षमता और योगदान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार युवाओं की क्षमता पर भरोसा जताते रहे हैं। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों, तटीय इलाकों, उत्तर-पूर्वी राज्यों और विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने का आह्वान किया है। उनका मानना है कि ऐसे युवा नेतृत्वकर्ता देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस दिशा में युवा कार्यक्रम मंत्रालय ने जिम्मेदारी के साथ कार्य शुरू किया है।
डॉ. मांडविया ने एमवाई भारत के अंतर्गत संचालित युवा-केंद्रित पहलों की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, विकसित भारत बजट क्विज, युवा कनेक्ट और अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को शासन, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनरेशन जेड की ऊर्जा, उत्साह और नवीन विचारों को विकसित भारत के निर्माण में सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, युवा संसद जैसे मंच युवाओं को सीखने, विचार-विमर्श करने, संवाद स्थापित करने और देश की प्रगति में सार्थक योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर सचिव (युवा कार्यक्रम) नितेश मिश्र सहित मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में 15 से 17 जून 2026 तक विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी को मजबूत करना तथा उन्हें शासन, नीतिगत विमर्श और संसदीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाया गया है, ताकि वे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा कर सकें और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे सकें।












