रायगढ़, 16 जून।
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के पास सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही उप वन मंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा और वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हाथी के उपचार के लिए चार पशु चिकित्सकों और वन्यजीव विशेषज्ञों की विशेष टीम बुलाई गई।
हाथी के पैर में गहरी चोट थी और काफी रक्तस्राव हो रहा था। विशेषज्ञों की टीम ने उसे बचाने के लिए पूरी रात मशक्कत की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वन विभाग ने बताया कि घटनास्थल के आसपास पांच अन्य हाथियों का दल भी मौजूद था, जिसके चलते क्षेत्र में भारी सतर्कता बरती गई। ग्रामीणों को हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई थी।
वन विभाग के अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि हाथी को बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की गई थी, लेकिन चोटें बेहद घातक थीं। नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।












