पुणे, 16 जून।
महाराष्ट्र के रेल यात्रियों और साईं भक्तों के लिए जल्द ही एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। पहली बार पुणे और साईनगर शिर्डी के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा का संचालन किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा और अधिक आसान तथा सुविधाजनक हो जाएगी।
नई रेल सेवा का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
यह ट्रेन पुणे, श्रीगोंडा रोड, अहिल्यानगर जंक्शन, राहुरी और बेलापुर होते हुए साईनगर शिर्डी तक संचालित की जाएगी। इसके शुरू होने से यात्रियों को सीधे रेल संपर्क का लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार इस सेवा का सबसे बड़ा लाभ साईं बाबा श्रद्धालुओं को मिलेगा, जो अब बिना ट्रेन बदले सीधे शिर्डी पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय और असुविधा दोनों कम होंगी तथा श्रद्धालुओं को अधिक सुगम यात्रा अनुभव मिलेगा।
नई रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही शिर्डी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अहिल्यानगर क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी यह सेवा महत्वपूर्ण साबित होगी। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को पुणे और शिर्डी के बीच बेहतर और सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।











