मोरीगांव, 16 जून।
असम के मोरीगांव जिले के मायोंग इलाके से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। पीड़िता उस समय दुकान जा रही थी, तभी तीन दरिंदों ने उसे जबरन कार में उठा लिया और एक सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत सक्रिय होकर पीड़िता को बरामद किया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपित ओबेदुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, इस घिनौनी वारदात में ओबेदुल्ला के साथ इनामुल हुसैन और अली हुसैन भी शामिल थे। ये दोनों अपराधी घटना के बाद से ही फरार हैं। पुलिस ने इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके में जाल बिछा दिया है।
गिरफ्तार आरोपित से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि उसके अन्य साथियों के छिपने के ठिकानों का पता लगाया जा सके। इस मामले में सामूहिक बलात्कार की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जल्द ही बाकी अपराधियों को भी पकड़ने का दावा किया है।











