मध्य प्रदेश
16 Jun, 2026

ब्यावरा में डिवाइडर से टकराई क्रेटा, आरक्षक समेत परिवार के 7 लोग घायल

ब्यावरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई क्रेटा कार में इंदौर में पदस्थ आरक्षक सहित एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया।

ब्यावरा, 16 जून।

राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर मंगलवार दोपहर एक क्रेटा कार हादसे में इंदौर में पदस्थ एक आरक्षक समेत एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। ग्वालियर से इंदौर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन के इंजन से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों और एक निजी अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग को फैलने से रोक दिया।

हादसे के समय कार में सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की सहायता से सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में राजेंद्र नगर थाना इंदौर में पदस्थ आरक्षक रामवीर सिंह, उनकी पत्नी रामाबाई, पुत्र अंशुल और आर्यन सहित आदित्य, अरुण गुर्जर तथा शिवसिंह गुर्जर शामिल हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। घायलों में रामाबाई की स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार मंगलवार सुबह ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुआ था। दोपहर के समय ब्यावरा के पास कार नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई। शुरुआती आशंका चालक को झपकी आने की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा सड़क हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़