मध्य प्रदेश
16 Jun, 2026

नीट परीक्षा में नहीं होगी कोई चूक, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों पर पारदर्शी, सुरक्षित और त्रुटिरहित परीक्षा आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भोपाल, 16 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीट यूजी परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और उच्च स्तर की कार्यकुशलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा प्रदेश के 30 जिलों में स्थित 283 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि सवा तीन घंटे निर्धारित की गई है और इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने परीक्षा समन्वयकों से कहा कि सभी केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे और जैमर 19 जून तक स्थापित कर दिए जाएं तथा 20 जून को उनका ट्रायल भी पूरा कर लिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जबलपुर में यातायात व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए, क्योंकि उसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का दौरा प्रस्तावित है और शहर में 24 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा भी आयोजित होगी।

उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, इसलिए यातायात प्रबंधन ऐसा हो कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी स्वयं परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहायता करें।

डॉ. यादव ने कहा कि नीट परीक्षा के लिए तैयार की गई एसओपी को भविष्य में प्रदेश की अन्य परीक्षाओं में भी लागू किया जाएगा। समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अब तक की तैयारियों की जानकारी साझा की।

उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए सभी जिलों में समन्वय समितियों का गठन किया जा चुका है। नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और प्रत्येक 3 से 4 परीक्षा केंद्रों के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए द्विस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य पुलिस और होमगार्ड के पास होगी, जबकि आंतरिक सुरक्षा एनटीए द्वारा नियुक्त एजेंसी संभालेगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग फ्रिस्किंग व्यवस्था और पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।

सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर, स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, ग्लूकोज, प्राथमिक उपचार किट और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए टेंट, मोबाइल शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना सहित 30 जिलों में नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़