मुंबई,16 जून।
बॉक्स ऑफिस के मौजूदा परिदृश्य में अभिनेता राम चरण की स्पोर्ट्स एक्शन-ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' का वर्चस्व लगातार बना हुआ है। रिलीज के दूसरे सप्ताह में प्रवेश करने के बावजूद यह फिल्म दर्शकों के बीच अपनी लोकप्रियता कायम रखे हुए है और कमाई के आंकड़ों में अन्य प्रतिद्वंद्वी फिल्मों को काफी पीछे छोड़ दिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपनी रिलीज के 12वें दिन 4.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस नवीनतम आंकड़े के साथ फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 220.10 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर भी फिल्म ने मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए 312.81 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन अर्जित कर लिया है। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु, बोमन ईरानी और शिव राजकुमार जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
इसके विपरीत अन्य नई रिलीज हुई फिल्में टिकट खिड़की पर अपनी छाप छोड़ने में विफल रही हैं। कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' का कुल कलेक्शन 4.90 करोड़ रुपये है, जबकि दिलजीत दोसांझ और शरवरी वाघ की 'मैं वापस आऊंगा' ने 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके अलावा मनोज बाजपेयी की 'गर्वनर: द साइलेंट सेवियर' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' का प्रदर्शन भी धीमी गति से आगे बढ़ रहा है।












