भोपाल, 16 जून।
राजधानी के साकेत नगर क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए पुलिस स्क्वायड की गाड़ी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को एक वाहन में अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने साकेत नगर इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की योजना बनाई।
बताया गया कि पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए अपनी गाड़ी आगे लगाई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे पुलिस स्क्वायड की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के समय पुलिसकर्मी वाहन के पास मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वाहन संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












