अपराध
16 Jun, 2026

मंडोर थाने में हंगामे का आरोप, कांस्टेबल को थप्पड़ मारने का मामला दर्ज

जोधपुर के मंडोर थाने में शराब के नशे में पकड़े गए युवक और उसके परिजनों पर पुलिस से बदसलूकी, राजकार्य में बाधा डालने तथा एक कांस्टेबल को थप्पड़ मारने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

जोधपुर, 16 जून।

मंडोर थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ कथित बदसलूकी, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति तथा उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब गश्त के दौरान एक शराब के नशे में मोटरसाइकिल चला रहे युवक को रोककर जांच की गई।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 14 जून की रात गश्त के दौरान किशोर बाग क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चालक को तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रोका गया। पूछताछ के दौरान उसके मुंह से शराब की गंध आने पर पुलिस ने जांच की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से ब्रेथ एनलाइजर मशीन में थूक दिया, जिससे मशीन खराब हो गई।

जांच में चालक की पहचान विशनसिंह निवासी लालसागर के रूप में हुई। बाद में उसे मेडिकल जांच के लिए दूसरे थाने ले जाया गया, जहां उसकी एल्कोहल रीडिंग निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के बाद आरोपी आक्रोशित हो गया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकियां देने लगा। इसके बाद उसे मंडोर थाने लाया गया, जहां उसका पुत्र कुलदीपसिंह उर्फ रुद्रपालसिंह भी पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार थाने में विवाद बढ़ने पर कुलदीपसिंह ने कथित तौर पर एक कांस्टेबल को थप्पड़ मार दिया। कुछ देर बाद आरोपी की पत्नी नीलम कंवर और एक अन्य व्यक्ति भी थाने पहुंचे, जहां हंगामा होने की बात सामने आई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि संबंधित लोगों ने मोबाइल फोन से पुलिसकर्मियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की और कथित रूप से दबाव बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशनसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, नीलम कंवर, कुलदीपसिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़