मसूरी, 16 जून।
दिल्ली की एक आईटी प्रोफेशनल युवती की मसूरी के एक होमस्टे में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पी राधा गायत्री के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम की एक कंपनी में कार्यरत थी।
युवती अपने पति सौम्य श्रीचरण के साथ हनीमून मनाने आई थी। वे 14 जून की रात करीब 11:30 बजे किआना होमस्टे पहुंचे थे। पति का कहना है कि रात में शराब पीने के बाद वे तड़के 3:30 बजे सो गए थे।
सुबह जब पति की नींद खुली, तो उसने अपनी पत्नी को फर्श पर अचेत पाया। युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे और वहां यूरिन तथा खून फैला हुआ था। उसके नाक से भी खून बह रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। फार्मासिस्ट ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे से दो खाली शराब की बोतलें और खाने का सामान मिला है। बिस्तर की चादर पर भी खून के निशान थे।
दंपति ने 8 नवंबर 2025 को शादी की थी और मूल रूप से विशाखापट्टनम के रहने वाले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरादून भेजा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियोग्राफी के साथ पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं।












