नागपुर, 16 जून।
नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां वायुसेना कर्मी की पत्नी ने अपने पुराने सहपाठी और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, काला जादू और जबरन धर्मांतरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अयाज मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, धर्मांतरण में कथित रूप से शामिल एक मौलवी की तलाश में पुलिस की टीम मध्य प्रदेश भेजी गई है।
आरोप है कि 8 फरवरी 2025 को एक होटल में अयाज ने पीड़िता के ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था। होश में आने पर उसने पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिए थे, जिसके जरिए वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
महिला ने आरोप लगाया कि उससे लगभग 4 लाख रुपये की वसूली की गई और बार-बार यौन शोषण किया गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी उसे जबरन कोई तरल पदार्थ पिलाते थे और फिर काला जादू व सम्मोहन का दावा करते हुए यौन उत्पीड़न करते थे।
इस मामले में एक वायरल वीडियो सबसे बड़ा सबूत बनकर सामने आया है। इसमें पीड़िता रोते हुए और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है, जबकि आरोपी उसके हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र पढ़ रहा है।












