नलबाड़ी, 16 जून।
असम के नलबाड़ी जिला मुख्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब स्कूल जा रही दूसरी कक्षा की एक छात्रा को अगवा करने का दुस्साहसी प्रयास किया गया। बच्ची अपने पिता के साथ स्कूल जा रही थी, तभी दो अपराधियों ने पिता की गर्दन पर चाकू रखकर बच्ची को छीनने की कोशिश की।
इस सनसनीखेज वारदात को देख आसपास के लोग तुरंत सक्रिय हो गए। स्थानीय लोगों ने न केवल इस अपहरण के प्रयास को नाकाम किया, बल्कि दोनों अपहरणकर्ताओं को दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपितों की जमकर धुलाई कर दी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहीदुल अली और विवेक गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि ये दोनों गुवाहाटी से नलबाड़ी पहुंचे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुरी तरह घायल दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपितों से सघन पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और साजिश का पता चल सके।











